एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की उड़ानों में घंटों देरी, यात्रियों का हंगामा

सैकड़ों यात्रियों को करना पड़ा करीब नौ घंटे इंतजार, एयरलाइन ने सात दिन में पूरा रिफंड देने का किया ऐलान; लगातार दूसरे दिन अव्यवस्था

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई , 18 नवंबर। मुंबई एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की कई उड़ानों में मंगलवार शाम भारी देरी के कारण सैकड़ों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम सात बजे के बाद एयरलाइन की कोई भी उड़ान निर्धारित समय पर रवाना नहीं हो सकी। यात्रियों को करीब नौ घंटे तक एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा। कुछ उड़ानों ने बुधवार तड़के करीब चार बजे उड़ान भरी। लंबे इंतजार और सही जानकारी नहीं मिलने से नाराज यात्रियों ने टिकट काउंटर पर जमकर हंगामा किया और एयरलाइन के खिलाफ नारेबाजी की।

जानकारी नहीं मिलने पर यात्रियों का गुस्सा

यात्रियों का आरोप है कि एयरलाइन प्रबंधन ने उड़ानों में देरी की स्पष्ट वजह नहीं बताई और न ही उड़ान के नए समय की सही जानकारी दी। इससे नाराज यात्रियों ने टिकट काउंटर पर विरोध प्रदर्शन किया। हंगामा बढ़ने पर सुरक्षा कर्मियों को स्थिति संभालने के लिए आगे आना पड़ा। बाद में स्पाइसजेट ने प्रभावित यात्रियों को टिकट का पूरा रिफंड देने की पेशकश की। एयरलाइन ने सात दिनों के भीतर राशि बैंक खातों में भेजने का आश्वासन दिया है।

Advertisement

लगातार दूसरे दिन एयरपोर्ट पर अव्यवस्था

मुंबई एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की उड़ानों को लेकर यह लगातार दूसरे दिन अव्यवस्था का मामला सामने आया। इससे पहले सोमवार को टर्मिनल-1 पर यात्रियों ने शिकायत की थी कि उन्हें टर्मिनल में प्रवेश नहीं दिया जा रहा और उड़ानों की स्थिति के बारे में सही जानकारी भी नहीं मिल रही है। लगातार शिकायतों के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी कर घर से निकलने से पहले उड़ान का लाइव स्टेटस जांचने की सलाह दी। इससे पहले 13 नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट ने भी स्पाइसजेट की उड़ानों में देरी और संभावित रद्दीकरण को लेकर चेतावनी जारी की थी।

सितंबर में 20 फीसदी से ज्यादा उड़ानें रद्द

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के सितंबर महीने के आंकड़ों के मुताबिक, स्पाइसजेट की 20 फीसदी से अधिक निर्धारित उड़ानें रद्द हुईं। इस दौरान एयरलाइन की समय पर उड़ान भरने की दर (ओटीपी) महज 16.6 फीसदी रही। उड़ानों में दो घंटे से अधिक की देरी के कारण करीब 36 हजार यात्री प्रभावित हुए, जबकि 21,700 से अधिक यात्रियों को उड़ानें रद्द होने की परेशानी झेलनी पड़ी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वित्तीय संकट से जूझ रही एयरलाइन के बेड़े में करीब 12 से 13 विमान ही परिचालन में बचे हैं। घरेलू विमानन बाजार में उसकी हिस्सेदारी घटकर लगभग 0.6 फीसदी रह गई है।

35.8 करोड़ रुपये का बकाया, दुबई में सेवाएं रोकीं

स्पाइसजेट की परिचालन संबंधी मुश्किलों के बीच पिछले सप्ताह दुबई की ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी डीएनाटा ने बकाया भुगतान विवाद के चलते एयरलाइन की चेक-इन सेवाएं रोक दी थीं। स्पाइसजेट पर कंपनी का करीब 35.8 करोड़ रुपये बकाया बताया गया है। इस कार्रवाई के कारण दुबई से आने-जाने वाली स्पाइसजेट की चार उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं। लगातार देरी, उड़ानें रद्द होने और यात्रियों की शिकायतों के बीच एयरलाइन की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। हालांकि, मुंबई की ताजा घटना पर स्पाइसजेट के शीर्ष प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh