रेलवे कर्मचारी होने का दावा करने पर मांगा था पहचान पत्र; मध्य रेलवे ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 27 अक्टूबर। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) स्टेशन पर टिकट जांच के दौरान रेलवे कर्मचारी से कथित मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले में एक पुरुष और एक महिला यात्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मध्य रेलवे के अनुसार, यह घटना 25 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 6.55 से 7 बजे के बीच प्लेटफॉर्म नंबर 5 और 6 के पास स्थित कॉनकोर्स क्षेत्र में हुई।
पहचान पत्र मांगने पर विवाद
टिकट जांच कर्मचारी जिग्नेश वसंतलाल भावसार यात्रियों के टिकटों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक पुरुष और एक महिला यात्री को रोका। पुरुष यात्री ने खुद को रेलवे कर्मचारी बताया। जब भावसार ने उससे रेलवे पहचान पत्र या नौकरी से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, तो उसने कथित तौर पर दस्तावेज दिखाने से इनकार कर दिया और वहां से भागने की कोशिश की। उसे रोकने के दौरान पुरुष यात्री ने कर्मचारी के साथ मारपीट की, जबकि महिला यात्री पर गाली-गलौज और दुर्व्यवहार करने का आरोप है।
आरपीएफ की मदद से दोनों को पकड़ा
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों और अन्य रेल कर्मचारियों की मदद से दोनों को सीएसएमटी स्थित रेलवे पुलिस थाने ले जाया गया। उनकी पहचान ऋषिकेश संजय पवार (24) और निकिता ऋषिकेश पवार (23) के रूप में हुई है। मध्य रेलवे के मुताबिक, दोनों अपने दावों के समर्थन में वैध आधिकारिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। बाद में उन्हें आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के हवाले कर दिया गया।
रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज
मध्य रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, दोनों के खिलाफ भारतीय रेल अधिनियम, 1989 की धारा 137, 138 और 145 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 132, 115(2) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
कर्मचारियों से सहयोग की अपील
मध्य रेलवे ने यात्रियों से टिकट जांच कर्मचारियों के साथ सहयोग करने और मांग किए जाने पर यात्रा या रेलवे कर्मचारी होने से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने की अपील की है। रेलवे ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के साथ मारपीट, दुर्व्यवहार या उनके काम में बाधा डालने के मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।