मुंबई में पुलिसकर्मियों पर हमले की दो घटनाएं, कहीं तलवार निकाली तो कहीं बाइक चढ़ाने की कोशिश!

कानूनी कार्यवाही से नाराज आरोपियों पर पुलिस को निशाना बनाने का आरोप, दोनों मामलों में केस दर्ज; एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

राहुल गुप्ता

मुंबई, 27 अक्टूबर। मुंबई में पुलिसकर्मियों पर हमले की दो घटनाएं सामने आई हैं। एमआरए मार्ग इलाके में नाकाबंदी के दौरान बाइक सवार एक आरोपी ने पुलिसकर्मी पर छोटी तलवार तान दी। वहीं, भांडुप में कथित तौर पर नशे में तेज रफ्तार बाइक चला रहे एक युवक ने पुलिसकर्मी को टक्कर मारने की कोशिश की। दोनों मामलों में संबंधित पुलिस थानों में केस दर्ज किए गए हैं।

नाकाबंदी के दौरान पुलिसकर्मी पर तलवार तानी

एमआरए मार्ग पुलिस थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, 25 अक्टूबर की रात करीब 12:30 से 1 बजे के बीच पुलिसकर्मी सचिन कोकरे पी. डीमेलो रोड स्थित कल्पना जंक्शन पर नाकाबंदी की ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान कर्नाक बंदर की ओर से गलत दिशा में आ रहे दो बाइक सवारों को उन्होंने रोका।

Advertisement

आरोप है कि कानूनी कार्यवाही शुरू होने पर बाइक सवार एक आरोपी ने कोकरे पर हमला करने के इरादे से छोटी तलवार निकाल ली। उसने पुलिसकर्मी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की, उनकी सरकारी वर्दी को भी नुकसान पहुंचाया और ड्यूटी में बाधा डाली। इस मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

पुलिसकर्मी को बाइक से कुचलने की कोशिश

दूसरी घटना भांडुप पश्चिम में मद्रास कैफे के पास हुई। 25 अक्टूबर की सुबह विशेष ऑल आउट अभियान के तहत पुलिस नाकाबंदी कर रही थी। सुबह करीब 2:20 बजे दक्षिण दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे एक बाइक सवार को पुलिस ने रोकने की कोशिश की, लेकिन वह बचकर निकल गया।

करीब 10 से 15 मिनट बाद वही युवक दोबारा उसी रास्ते से तेज रफ्तार में नाकाबंदी की ओर आया। आरोप है कि पुलिसकर्मी आप्पासो हजारे ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन युवक ने जानबूझकर उनकी ओर बाइक बढ़ा दी। हजारे ने समय रहते किनारे कूदकर खुद को बचाया।

बैरियर से टकराई बाइक, युवक घायल

पुलिस के अनुसार, बाइक पर से नियंत्रण खोने के बाद युवक नाकाबंदी के बैरियर से टकराकर सड़क पर गिर गया। उसके सिर में मामूली चोट आई। पुलिस उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंची।

पूछताछ में युवक की पहचान केशव सुब्रलोगा नायडू (27) के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, वह नशे की हालत में बिना लाइसेंस बाइक चला रहा था। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्यवाही की गई है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh