महाराष्ट्र के गोंदिया में आरोपियों ने पेट, पीठ और पैरों पर टेप से गांजे के पैकेट बांध रखे थे। पुलिस ने 2.915 किलो गांजा और मोपेड समेत 1.68 लाख रुपये का सामान जब्त किया।
राहुल गुप्ता
गोंदिया, 27 अक्टूबर। महाराष्ट्र के गोंदिया में गांजे की तस्करी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां दो आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए अपने पेट, पीठ और पैरों पर टेप की मदद से गांजे के पैकेट चिपका रखे थे। पेट पर पैकेट इस तरह बांधे गए थे कि देखने में ऐसा लगता था, जैसे उनकी तोंद निकली हुई है। हालांकि, पुलिस की नजरों से उनकी यह चालाकी नहीं बच सकी। स्थानीय अपराध शाखा ने दोनों को पकड़कर उनके पास से कुल 2 किलो 915 ग्राम गांजा बरामद किया।
पुलिस ने गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की गई मोपेड और अन्य सामान भी जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1,68,250 रुपये बताई गई है।
संदिग्ध गतिविधियों से खुला मामला
गोंदिया के पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा की टीम गांजा तस्करी के खिलाफ अभियान चला रही थी। इसी दौरान गोंदिया ग्रामीण पुलिस थाना क्षेत्र में रेलटोली रेलवे स्टेशन से विश्रामगृह की ओर जाने वाली सड़क पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही थी।
इसी बीच मोपेड पर सवार दो व्यक्ति वहां पहुंचे। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान दोनों के शरीर पर प्लास्टिक रैप और टेप से बंधे गांजे के पैकेट मिले। आरोपियों ने पेट, पीठ और पैरों पर गांजा छिपा रखा था, ताकि किसी को उन पर शक न हो।
तीन टिफिन बॉक्स में भी मिला गांजा
पुलिस ने दोनों आरोपियों के बैग की भी तलाशी ली। इस दौरान तीन टिफिन बॉक्स से भी गांजा बरामद हुआ। शरीर पर छिपाए गए पैकेट और टिफिन बॉक्स समेत कुल 2.915 किलो गांजा जब्त किया गया। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की गई मोपेड और अन्य सामान भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोमाजी चौधरी और लक्ष्मीचंद बघेल के रूप में हुई है। दोनों मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के शिवनघाट के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।