तकनीकी खराबी से लोकल ट्रेनें 1 से 2 घंटे तक लेट रहीं। इसी बीच एक युवक की एसी लोकल की चपेट में आने से मौत हुई, जबकि दो अन्य शव भी मिले।
राहुल गुप्ता
मुंबई, 27 अक्टूबर। मुंबई में सोमवार की सुबह मध्य रेलवे की लोकल सेवा में तकनीकी गड़बड़ी के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मुलुंड और ठाणे रेलवे स्टेशनों के बीच ओवरहेड वायर से तार लटकते पाए जाने के बाद रेल यातायात प्रभावित हुआ। इसके चलते कई लोकल ट्रेनें एक से दो घंटे तक देरी से चलीं। इस बीच, मुंबई के अलग-अलग रेल मार्गों पर हुई घटनाओं में तीन लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है।
भांडुप स्टेशन पर एसी लोकल की चपेट में आया युवक
भांडुप रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर एसी लोकल ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान साहिल थिटे के रूप में बताई गई है। जानकारी के मुताबिक, साहिल रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, तभी मुंबई से ठाणे होते हुए कल्याण की ओर जा रही एसी लोकल ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घाटकोपर-विक्रोली के बीच दो शव मिले
घाटकोपर और विक्रोली रेलवे स्टेशनों के बीच दो अन्य लोगों के शव मिलने की जानकारी भी सामने आई है। दोनों शवों को राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया।
शुरुआत में रेलवे पुलिस को घटनास्थल पर एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां एक और शव मिला। दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लोकल ट्रेनें लेट, पटरियों पर चलते दिखे यात्री
मध्य रेलवे की सेवा प्रभावित होने से सोमवार को यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी देर हुई। लोकल ट्रेनें देरी से चलने के कारण यात्रियों में नाराजगी देखी गई। मुलुंड और नाहूर के बीच कुछ यात्री रेलवे पटरियों पर चलते भी दिखाई दिए।
तकनीकी गड़बड़ी और अलग-अलग घटनाओं के कारण मुंबईकरों को सोमवार को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।