ऐप अचानक बंद हुआ, दोबारा लॉगिन करते ही खाते से गायब हो गए 98 हजार रुपये!

फोनपे के जरिए एक युवक के बैंक खाते से कथित तौर पर 98 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

राहुल गुप्ता

मुंबई, 27 अक्टूबर। डिजिटल पेमेंट ऐप फोनपे के जरिए आर्थिक धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एक युवक के बैंक खाते से 98 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की पहचान अनुकरण सिमॉन डुंगडुंग (24) के रूप में हुई है। उनकी शिकायत के आधार पर बांद्रा पुलिस ने 25 अक्टूबर को अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

डुंगडुंग माहिम पूर्व के शाहूनगर इलाके में अपने दोस्तों के साथ किराये के मकान में रहते हैं। वह बांद्रा पश्चिम स्थित सिफा रेस्टोरेंट में शेफ के रूप में काम करते हैं। 24 अक्टूबर को वह रोज की तरह सुबह काम पर पहुंचे थे। शाम करीब 5:20 बजे उन्होंने अपना मोबाइल फोन देखा तो फोनपे ऐप बंद मिला।

दोबारा लॉगिन करते ही आया पैसे कटने का संदेश

Advertisement

ऐप को दोबारा शुरू करने के लिए डुंगडुंग ने ओटीपी के जरिए लॉगिन किया। इसके कुछ ही देर बाद, शाम 5:36 बजे उनके मोबाइल पर बैंक खाते से 98 हजार रुपये डेबिट होने का संदेश आया। यह देखकर उन्हें पता चला कि उनके खाते से पैसे निकाले गए हैं, जबकि उन्होंने खुद यह लेनदेन नहीं किया था।

इसके बाद उन्होंने फोनपे ऐप खोलकर खाते की जांच की तो उसमें से 98 हजार रुपये कम मिले। उन्हें संदेह हुआ कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके खाते से रकम निकालकर धोखाधड़ी की है।

बांद्रा पुलिस कर रही जांच

पीड़ित ने इस मामले में पुलिस से शिकायत की। बांद्रा पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि खाते से रकम किस तरीके से निकाली गई और इसके पीछे कौन है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh